
जमशेदपुर, 4 मई। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित रक्तदान महायज्ञ का शुभारंभ रक्तदाताओं के रक्तदान के साथ होगा, जिसमें उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम श्री राजीव रंजन भी रक्तदाताओं के साथ रक्तदान करेंगे। इस अवसर पर रक्तदान शिविर के उद्घाटन में टाटा स्टील एवं निप्पन स्टील की संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक श्री कपिल मोदी, अनुमंडल पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष – रेड क्रॉस अर्णव मिश्रा, जमशेदपुर ब्लड सेन्टर की सेक्रेटरी नलिनी राममूर्ति, रवीन दुग्गल सहित अनेकों गणमान्य इस अवसर पर शामिल होकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ायेंगे। इस अवसर पर रेड क्रॉस के पेट्रन व कृष्ण मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कृष्ण मुरारी गुप्ता – श्रीमती मालती गुप्ता दम्पति रेड क्रॉस भवन में कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं के बीच अपने विवाह के 55वें वर्षगांठ को उत्साहपूर्वक मनायेंगे। शिविर के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी के कारण रक्तदान शिविरों की संख्या नगण्य होने से जरुरतमंद मरीजों को रक्त की आपूर्ति में कठिनाई होने से बचाने के लिए इस रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदान होना आवश्यक है। उन्होने रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि उन्हें लगातार मैसेज भेजे जा रहे हैं, पोस्टर पम्पलेट से लगातार यह संदेश दिये जा रहे हैं, जिस माध्यम से भी संदेश आप तक पहुंचे, उसे आप आधिकारिक संदेश माने और मानवता की सेवा में 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस पर साकची डीसी रोड ऑफिस स्थित रेड क्रॉस भवन में रक्तदान को प्रेरित हों।